राउरकेला:7//6,(कलिंग समाचार)इस्पात नगरी राउरकेला के सर्वप्राचीन देवपीठ अहिराबंध स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में आगामी रथयात्रा की तैयारियां विधिवत शुरू हो गई हैं। रथयात्रा में अभी लगभग एक माह 10 दिन शेष हैं, लेकिन सेक्टर-3 स्थित रथ शाला में तीनों रथों के निर्माण कार्य का शुभारंभ अख-चक्र पूजा के साथ किया गया।अहिराबंध स्थित मंदिर में भगवान श्रीजगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की रथयात्रा प्रतिवर्ष बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ आयोजित की जाती है। तीनों देवता भव्य रथों पर विराजमान होकर अंबागान स्थित मौसी मां गुंडिचा मंदिर तक यात्रा करते हैं। रिंग रोड से गुजरने वाली इस यात्रा में हजारों श्रद्धालु महाप्रभु के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं, जिससे पूरा वातावरण पुरी की रथयात्रा जैसा प्रतीत होता है।रविवार पूर्वाह्न आयोजित अख-चक्र पूजा में मंदिर के बड़ापंडा त्रिनाथ पाढ़ी और प्रशांत दास ने मुख्य पुजारी के रूप में पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस अवसर पर मुख्य रथ कारीगर भीकारी महारणा, डम्बरू महारणा सहित अन्य बढ़ई उपस्थित रहे।श्रीश्री जगन्नाथ वैद्यनाथ महाप्रभु मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गिरिजा शंकर द्विवेदी ने पूजा अवसर पर महारणाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कीर्तन मंडली और मंदिर सेवायतों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

