राउरकेला:20//5,(कलिंग समाचार) कोरोना काल में शुरू हुई ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था के विरोध में बुधवार को ओडिशा समेत पूरे देश में मेडिकल स्टोर और दवा दुकानदारों ने हड़ताल कर दुकानें बंद रखीं। दवा व्यवसायियों का आरोप है कि ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न प्रकार की दवाइयों के साथ नशीली दवाओं की भी बिक्री हो रही है, जबकि इनकी उचित निगरानी और रिकॉर्ड नहीं रखा जा रहा है।दवा दुकानदारों का कहना है कि मेडिकल स्टोरों में हर दवा की बिक्री का लिखित रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है। राज्य और जिला स्तर के ड्रग इंस्पेक्टर नियमित जांच भी करते हैं तथा नियमों के उल्लंघन पर दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जाता है। इसके विपरीत ऑनलाइन दवा बिक्री करने वाली कंपनियों पर इस प्रकार की सख्ती नहीं होने से स्थानीय मेडिकल स्टोर संचालकों को आर्थिक और व्यावसायिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।इसी मुद्दे को लेकर देशभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठनों ने बुधवार को हड़ताल का आह्वान किया। सुंदरगढ़ जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल तथा अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार की यह नीति देशभर के दवा व्यवसायियों को प्रभावित कर रही है, जिसके विरोध में यह बंद आयोजित किया गया।हड़ताल के कारण सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों को दवाइयां प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले के विभिन्न जन औषधी केंद्रों और मेडिकल दुकानों के बंद रहने से आम लोगों के साथ-साथ मरीज भी प्रभावित हुए। जिले भर की 1200 दवा दुकानें हड़ताल में शामिल हुई और सभी दुकाने गुरुवार की सुबह खुलेगी।

