राउरकेला:15//5,(कलिंग समाचार) शनिवार को मनाए जाने वाले सावित्री व्रत को लेकर शहर के बाजारों में शुक्रवार को भारी चहल-पहल देखने को मिली। भारतीय संस्कृति में महिलाओं द्वारा पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ यह व्रत श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। ओडिशा की सांस्कृतिक परंपरा में सावित्री व्रत का विशेष महत्व माना जाता है।व्रत को लेकर महिलाओं ने शहर के विभिन्न बाजारों में पूजा सामग्री, फल, मिठाई और साड़ियों की जमकर खरीदारी की। ट्रैफिक मार्केट, डेली मार्केट, बसंती मार्केट, छेंड वीएसएस मार्केट, इस्पात मार्केट, आमबागान मार्केट, पानपोष मार्केट तथा फर्टिलाइजर मार्केट में दिनभर खरीदारों की भीड़ लगी रही। दुकानों में महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं।सावित्री व्रत की मांग बढ़ने के कारण फलों के दामों में भी भारी उछाल देखने को मिला। नारियल 60 रुपये प्रति नग, केला 60 रुपये दर्जन, आम 60 से 100 रुपये प्रति किलो, अनार 120 रुपये किलो, लीची 110 रुपये किलो, अमरूद 100 रुपये किलो तथा मौसमी 100 रुपये किलो बिक रही है। वहीं ताड़ फल 30 रुपये प्रति नग, खजूर 50 रुपये, अनानास और सुपारी 40 रुपये प्रति नग, सेब 120 रुपये किलो और संतरा 100 रुपये किलो के भाव से बिक रहे हैं। अन्य फलों की बिक्री भी जोर-शोर से जारी रही।पूजा के लिए महिलाएं व्रत सामग्री के साथ-साथ कपड़ों की दुकानों से नई साड़ियां भी खरीदती नजर आईं। पर्व को लेकर शहर के बाजारों में उत्सवी माहौल बना रहा और देर शाम तक लोगों की भीड़ उमड़ती रही।

