राउरकेला:25//1,(कलिंग समाचार)देश की मातृभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रही राउरकेला की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था संकल्प द्वारा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर एक भव्य, गरिमामयी एवं स्मरणीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह आयोजन इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित ग्रीन पाम परिसर में सम्पन्न हुआ, जहाँ साहित्य, राष्ट्रप्रेम और संवेदनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसे वेस्टर्न रेंज के डीआईजी श्री बृजेश राय ने सम्पन्न किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राउरकेला विधायक श्री शारदा नायक तथा राउरकेला स्टील प्लांट के डीआईसी श्री आलोक वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए हिंदी साहित्य के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के प्रारंभ में मंचासीन सभी आमंत्रित कवियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया, जिससे समारोह की गरिमा और भी बढ़ गई।कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न प्रांतों से पधारे सुप्रसिद्ध कवियों ने अपनी सशक्त रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इनमें शशिकांत यादव (देवास, मध्यप्रदेश), अमित शुक्ला (रीवा, मध्यप्रदेश), सुश्री श्रद्धा सौर्य (नागपुर), मुन्ना बैटरी (मंदसौर, मध्यप्रदेश), पार्थ नवीन (प्रतापगढ़, राजस्थान) तथा योगिता चौहान (आगरा) प्रमुख रूप से शामिल रहे। कवियों की राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कविताओं, जीवनानुभवों और संवेदनशील अभिव्यक्तियों ने सभागार को काव्य-रस से सराबोर कर दिया।विशेष रूप से मंच संचालन कर रहे कवि शशिकांत यादव ने अपने सधे हुए, प्रभावशाली संचालन और सशक्त प्रस्तुति से पूरे कार्यक्रम को एक सूत्र में बाँधे रखा, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।इस सफल एवं यादगार साहित्यिक आयोजन के पीछे संकल्प संस्था के संरक्षक श्री गोपाल जी बगड़िया, अध्यक्ष श्री के.के. प्रजापति, उपाध्यक्ष श्री श्रवण पारीक तथा सचिव श्रीमती ऊषा अग्रवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं संस्था की ओर से सहयोग प्रदान करने वाले प्रमुख सदस्यों किसन अग्रवाल, दौलत अग्रवाल एवं प्रवीण गर्ग के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया गया।कुल मिलाकर यह कवि सम्मेलन न केवल हिंदी साहित्य के प्रति समर्पण का प्रतीक बना, बल्कि गणतंत्र दिवस की भावना को भी शब्दों के माध्यम से जीवंत कर गया।


