राउरकेला :5//1,(कलिंग समाचार)सामाजिक संस्था हैप्पी मोमेंट्स इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 13वां राज्य स्तरीय किड्स फेस्टिवल (राउरकेला ज़ोन) का सफल आयोजन दिनांक 3 एवं 4 जनवरी को दीपिका इस्पात शिक्षा सदन, सेक्टर–18, राउरकेला में किया गया।इस महोत्सव का उद्घाटन हैप्पी मोमेंट्स इंडिया के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद पांडा ने किया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने बच्चों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने एवं उन्हें उचित मंच प्रदान करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।कार्यक्रम में कमल अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, सागर महांति, बिल्व सरकार, कुंज बिहारी राउत, सस्मिता प्रधान, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित ब्रजेन्द्र दाश एवं विद्यालय की प्राचार्या सुचित्रा लेंका विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।इस दो दिवसीय महोत्सव में चित्रांकन, रंग भरना, हस्तलेखन, फैंसी ड्रेस, कविता/राइम्स, गायन, वाद्य यंत्र वादन, नृत्य एवं मॉडलिंग जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ चार आयु वर्गों में, एकल (सोलो) श्रेणी में आयोजित की गईं।इस आयोजन में 50 से अधिक विद्यालयों के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन पुष्पा मिश्रा, नितिन दीप, ग्रेसी डेविड, श्वेता राउत, मानसी घोष, फकीर पति, नीलिमा महापात्र, उषा रानी महापात्र, बबिता महाराणा एवं सबिता परिड़ा जैसे अनुभवी निर्णायकों द्वारा किया गया।सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था की अध्यक्ष श्रीमती रश्मिता पांडा के नेतृत्व में, अन्वेषा पांडा, रंजन साहू एवं सुभाषिष रॉय के सहयोग से किया गया।उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि सभी प्रतिभागियों को भागीदारी प्रमाण पत्र दिए गए।विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा कि वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए भागीदारी शुल्क पूर्णतः निःशुल्क रखा गया।पिछले 13 वर्षों से हैप्पी मोमेंट्स इंडिया ओडिशा भर में बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को खोजने, निखारने एवं उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है।

