राउरकेला, 11/11:(कलिंग समाचार) आगामी 27, 28 और 29 नवंबर को तीन दिवसीय कृत्रिम अंग प्रतिरोपण शिविर का उद्घाटन त्रिशक्ति मंदिर परिसर में किया जाएगा जिसमें कृत्रिम पैर, यांत्रिक हाथ, बैसाखी (आशाबाड़ी), कोहनी की बैसाखी, वाकिंग स्टिक (चलने की लाठी) दृष्टिहीन को मुफ्त में बांटी जाएगी। जिसे लेकर राउरकेला मारवाड़ी युवा मंच – जागृति शाखा और राउरकेला त्रिशक्ति धाम सेवा ट्रस्ट की ओर से त्रिशक्ति धाम मंदिर परिसर के कार्यालय में आयोजित एक प्रेस सम्मेलन में यह जानकारी दी गई।संस्थाओं की पदाधिकारी बताया कि लाभार्थियों और उनके सहायकों (अटेंडेंट) के लिए रहने और खाने समेत सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से मुफ्त रहेंगी। दिव्यांग व्यक्तियों को स्वावलंबी और सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से 27, 28 और 29 नवंबर को मारवाड़ी युवा मंच – जागृति शाखा एवं त्रिशक्ति सेवा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में रांची की श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से इस विशाल निशुल्क दिव्यांग सहायता शिविर का आयोजन किया जा रहा है।यह तीन दिवसीय शिविर राउरकेला के हनुमान वाटिका स्थित त्रिशक्ति धाम परिसर में आयोजित होगा। शिविर में जरूरतमंदों को कृत्रिम पैर, यांत्रिक हाथ, बैसाखी, कोहनी की बैसाखी, वाकिंग स्टिक और दृष्टिहीन लाठी मुफ्त प्रदान की जाएगी। इस शिविर की मुख्य विशेषता यह है कि लाभार्थियों को कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण देने के साथ-साथ उनके रहने, खाने और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, दूर-दराज से आने वाले लाभार्थियों के साथ आने वाले सहायकों के लिए भी रहने और खाने की मुफ्त व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी गरीब परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े।इस सेवा शिविर का प्राथमिक उद्देश्य समाज के गरीब दिव्यांग व्यक्तियों को आवश्यक कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण प्रदान कर उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक, आसान और स्वावलंबी बनाना है। आर्थिक तंगी के कारण कई गरीब व कमजोर वर्ग के लोग इस सुविधा से वंचित रह जाते हैं; ऐसे लोगों की सेवा करना ही इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय है।मारवाड़ी युवा मंच – जागृति शाखा और त्रिशक्ति धाम सेवा ट्रस्ट ने लाभ पाने के इच्छुक दिव्यांगजनों से बड़ी संख्या में आने और अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को इस शिविर के बारे में जानकारी देने का अनुरोध किया है। बताया गया है कि मुफ्त जांच के लिए लाभार्थियों को अपना आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य है।आयोजक संगठनों ने ओडिशा, राउरकेला और पड़ोसी राज्यों के सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनसेवा अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांगों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी असहाय व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।आज आयोजित प्रेस सम्मेलन में त्रिशक्ति धाम सेवा ट्रस्ट के सचिव श्याम बिहारी गोयल, संयोजक बबल गोयल, अनिल मित्तल, पप्पू अग्रवाल और मारवाड़ी युवा मंच – जागृति शाखा की अध्यक्ष श्रीमती प्रभा अग्रवाल, सचिव श्रीमती कंचन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती ज्योति अग्रवाल, परियोजना निदेशक श्रीमती अनामिका मित्तल, श्रीमती रूबी बंसल, श्रीमती रूपा अग्रवाल, श्रीमती कौशल अग्रवाल प्रतिक कयाल प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

